नरवाना। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, बेलरखा में वन महोत्सव के तहत एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान आयोजित किया गया। विद्यालय के ईको क्लब प्रभारी हरदीप सिंह और अध्यापक प्रदीप जागलान के नेतृत्व में विद्यार्थियों को 220 पौधों का वितरण किया। इनमें नीम, अनार, जामुन और शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल थे।
विद्यार्थियों ने पौधों को अपनी माताओं के नाम समर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने-अपने पौधों की जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य शिक्षक सुरेंद्र पातलान ने भी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने एक पेड़ मां के नाम, प्रकृति को हमारा प्रणाम’ का सामूहिक नारा लगाकर पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।