16जेएनडी12 : रेलवे रोड पर सड़क किनारे लगी लाइट, जोकि जल नहीं रही है। स्रोत शहरवासी
जींद। शहर के रेलवे रोड पर रात के समय अधिकतर स्ट्रीट लाइटों के न जलने के कारण हादसे होने की आशंका बनी रहती है क्योंकि रात के समय अधिकतर रेल यात्री अपने घरों के जाने के लिए इसी रोड से होकर गुजरते हैं।
रात के समय अंधेरा छाए रहने के चलते कोई भी आसानी से वारदात को अंजाम दे भाग हो सकता है। ऐसा नहीं है कि स्ट्रीट लाइट ठीक करवाए जाने को लेकर लोगों ने अधिकारियों को अवगत न करवाया गया हो लेकिन सुनवाई न होने के चलते रात दिन होते ही अंधेरा जाता है। ऐसे में लोगों में रोष बढ़ रहा है और उनका कहना है कि यहां कोई हादसा या वारदात होती है तो उसके लिए प्रशासन ही जिम्मेवार होगा।
पटियाला चौक स्थित रेलवे रोड शहर के मुख्य मार्गों में से एक है। राहगीरों को रात के समय कोई परेशानी न हो इसके लिए यहां स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं लेकिन इनमें से आधी स्ट्रीट लाइटें जलती हैं और आधी नहीं। 40 क्वार्टर मोड पर तो ये लाइटें बिल्कुल भी नहीं जलती। यहां से गुजरने वाले यात्रियों व आसपास रहने वाले लोगों को भय के साये में रहना पड़ रहा है।
रेलवे रोड निवासी मनोज, कुलदीप, नरेश, सुनील, विकास, सुरेंद्र ने बताया कि दिन और रात दोनों समय रेल यात्री इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। जैसे ही शाम होनी शुरू होती है यहां अंधेरे का साम्राज्य हो जाता है। पहले भी अंधेरे का लाभ उठा कर यहां लूटपाट और छीना छपटी की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है।
पिछले काफी दिनों से स्ट्रीट लाइटें न जल पाने के चलते फिर से यहां कोई बड़ी वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सकता है। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाया जाए और ये लाइटें नियमित रूप से जलें इसके पुख्ता प्रबंध किए जाएं।