जींद। नए बस अड्डे के नजदीक ढाबे पर बैठे अधिकारी के कुक को दो युवकों ने बातों में उलझा कर नशीला पानी पिला दिया और बीस हजार रुपये, मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी तथा नशीला पदार्थ देने का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव रोडिया बाखल, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड निवासी आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डीसी कॉलोनी में अधिकारी के आवास पर अपने भाई के साथ कुक का काम करता है। 20 अप्रैल की शाम को वह अपने घर जाने के लिए नए बस अड्डे पर पहुंचा था। बस नहीं मिलने पर वह नजदीक होटल में जाकर बैठ गया। उसी दौरान दो युवक उसके पास आए और किसी से बात करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। फोन न मिलने की बात कहते हुए वापस कर दिया। कुछ देर के बाद उन्होंने पानी की बोतल देते हुए कहा कि अगर प्यास लगी है तो पानी पी लो। प्यास लगी होने के चलते उसने पानी पी लिया। इसके बाद उसे नशा होने लगा। आरोपी उसे स्कूटी पर बैठाकर सुनसान जगह पर ले गए और उसकी जेब से बीस हजार रुपये तथा मोबाइल फोन निकालकर फरार हो गए। होश में आने पर वह अपने भाई के पास पहुंचा और घटना के बारे में बताया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आलम की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी तथा नशीला पदार्थ देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।