सफीदों। भुसलाना गांव में घर में घुसकर दस हजार रुपये, चांदी की पायल व चुटकी चोरी करने व विरोध करने पर महिला को धक्का मारकर चोट पहुंचाने के आरोप में सदर थाना सफीदों पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भुसलाना निवासी रमेश ने बताया कि 24 जून को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की मौत होने पर सुबह नौ बजे वहां चला गया था। उनकी बहू अंजू घर पर अकेली थी। रात करीब 10 बजे चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर घुस गया। बहू को दूसरे कमरे से आवाज सुनाई दी तो वह बाहर आ गई। उसके बाहर आते ही चोर भागने लगा। बहू ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह उसे धक्का देकर फरार हो गया। गिरने से बहू को चोट आई है। वारदात के बारे में बहू ने पति साहिल को बताया। साहिल ने आकर देखा तो कमरे में रखी पेटी से दस हजार रुपये, चांदी की पायल व चुटकी गायब थी। ईएसआई रमेश ने कहा कि अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।