जींद। पिट्टू एसोसिएशन हरियाणा के तत्वावधान में सनराइज पब्लिक स्कूल पडाना में आयोजित दो दिवसीय तीसरी राज्य स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। इसमें प्रदेश भर के 16 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया जिसमें सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग में जींद की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में फतेहाबाद को 56-44 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। सब-जूनियर बालिका वर्ग फाइनल मुकाबले में मेवात की टीम ने जींद को 27-18 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर बालिका वर्ग में पंचकूला की टीम ने जींद को 32-22 के अंतर से प्रथम स्थान हासिल किया। सब-जूनियर बालक वर्ग मेवात की टीम ने फाइनल में जींद को 55-23 के अंतर से हराकर अपना दबदबा कायम रखा और गोल्ड मेडल जीता।
प्रतियोगिता के दौरान मेवात के माईन खान और पंचकूला की ईशानी को बेस्ट पिट्टू प्लेयर चुना गया और उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में युवा मंडल हैबतपुर की प्रधान सुमन देवी ने शिरकत की। युवा विकास समिति प्रदीप रेढू और उनकी टीम ने पहुंचकर खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और 2100 रुपये की सहायता प्रदान की।
स्कूल प्रबंधक अमित बिसला और प्राचार्य सतपाल सिवाच ने प्रत्येक वर्ग की विजेता टीम को 1100 रुपये की राशि देकर उनका हौसला बढ़ाया। एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव सुमित कुमार,महासचिव संजय कुमार हैबतपुर ने बताया कि अब पिट्टू केवल गली-मोहल्लों का खेल नहीं रहा बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने घोषणा की कि इसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर हरियाणा की टीम का चयन किया जाएगा जो तीन से छह मई तक गुजरात के सूरत शहर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पिट्टू प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस अवसर पर मोहम्मद अजरुद्दीन, मोनिका, रेखा, अनु, साहिल, स्नेहा, अमिता कौशिक, मुस्कान, सपना और अल्ताफ मौजूद रहे।