जींद। सफीदों की भाट काॅलोनी में तीन दिन पहले रंग-गुलाल की फैक्टरी में हुई आगजनी के पीड़ित परिवारों से सोमवार को हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने मुलाकात की और दुख सांझा करते हुए उन्हें सांत्वना दी। इसमें सभी मृतक सफीदों के ही रहने वाले हैं।
राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी सफीदों के डिग्गी मोहल्ला, आदर्श कॉलोनी, सिंघपुरा,राडा मोहल्ला, गैस एजेंसी रोड इत्यादि स्थानों पर पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि सफीदों में हुई इस आगजनी की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में जिन महिलाओं की जान गई है, उनकी भरपाई किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं है।
यह क्षति केवल परिवारों की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की क्षति है। ऐसे दुखद समय में पूरा प्रदेश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की जा चुकी है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। राज्य सूचना आयुक्त ने बताया कि पुलिस प्रशासन को घटना की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इस मौके पर उनके साथ सेलर एसोसिएशन सफीदों के प्रधान सुभाष जैन, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि संजय अधलखा, रणबीर कश्यप पूर्व सरपंच कारखाना, प्रमोद कुमार सरपंच करसिंधू, जगदीश कश्यप, सुनील सैनी एमसी, मनोज एमसी, दीपक कुमार एमसी, हिमलैस जैन एमसी, अखिल गुप्ता एमसी, रामनिवास, संजय कुमार एमसी, सोनिका एमसी, हंसराज धानिया, राज शर्मा, रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।