हिसार रोड पर वीरवार शाम तेज रफ्तार प्राइवेट बस का स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से बस सड़क किनारे स्थित दुकानों तक जा घुसी। दुर्घटना में बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यादराम व तहसीलदार अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव के कार्य शुरू किए। तीन गंभीर घायलों की मेडिकल कॉलेल अग्रोहा रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के नोहर से जींद जा रही प्राइवेट बस वीरवार शाम करीब पांच बजे हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे से नरवाना की ओर मुड़ी तो हिसार रोड पर स्थित स्पीड ब्रेकर पर बस की गति तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ गया। बस सड़क पर पलट गई और सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसी। गनीमत रही कि दुकानों के बाहर स्थित एक पेड़ से टकराने के कारण बस दुकान के अंदर नहीं घुस पाई। जिससे दुकान के बाहर लगा शेड क्षतिग्रस्त हो गया। बस पलटने से दोनों पहिये निकल गए। यात्रियों से खचाखच भरी बस में चीखपुकार मच गई। बस पलटते ही आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस पलटने के कारण बस में लगे शीशे चकनाचूर हो गए। दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यादराम के अनुसार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह हुए घायल
बस पलटने से गांव बिठमड़ा निवासी बस चालक मुकेश, तीन वर्षीय बच्ची नैंसी, महावीर, खजानी, लोधर निवासी अमित, दनौदा निवासी सरोज व सुमन, जींद निवासी बाबी, हिसार निवासी अनिल, नरवाना निवासी श्यामलाल, जींद निवासी विनोद, भीखेवाला गांव निवासी सावित्री, जींद निवासी सुनीता, नगूरां गांव निवासी धन्नो सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में जींद निवासी बाबी, दनौदा निवासी सुमन व तीन वर्षीय बच्ची नैंसी की गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।
तीन वर्षीय नैंसी की अंगुलियां कटीं
बस पलटने पर घायल हुए लोगों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी विभाग घायलों से भर गया। जहां चीखें सुनाई दे रही थीं। बिठमड़ा की तीन वर्षीय बच्ची नैंसी के हाथों की उंगलियां कट गईं। बच्ची पूरी तरह से सहमी थी। दनौदा गांव से बैठकर नरवाना जा रही महिला सरोज व सुमन भी घायल थीं। सुमन को रेफर कर दिया गया।
घायलों ने बताया तेज रफ्तार में थी बस
बस में सवार महावीर, खजानी, अमित, सरोज, सुमन, अनिल, श्यामलाल, विनोद, सावित्री, सुनीता ने बताया कि बस काफी तेज चल रही थी। नरवाना से पहले ब्रेकर पर बस उछल गई। जिससे सवारियों ने चीख पुकार की। देखते ही देखते बस पलट कर दुकानों की ओर घूस गई। सवारियों ने बताया कि ड्राईवर को कई बार बस धीरे चलाने के लिए कहा गया था लेकिन चालक ने उनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया।
हादसे में घायल तीन वर्षीय बच्ची नैंसी। जिसके एक हाथ की अंगुलियां कट गईं।- फोटो : Jind
असंतुलति होकर बस के पलटने से घायल हुए लोगों का नागरिक अस्पताल में चल रहा इलाज।- फोटो : Jind