फोटो 26जेएनडी19-मंडी गेट पर गेट पास प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव योगेश। स्
- फोटो : samvad
उचाना। अनाज मंडी में पीआर धान की आवक शुरू हो गई है। धान की आवक के साथ ही मार्केट कमेटी द्वारा गेट पास काटने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब तक पांच गेट पास काटे जा चुके हैं और मंडी में करीब 200 क्विंटल पीआर धान की आवक हो चुकी है।
इस बार सरकार की ओर से पीआर धान का भाव 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। शनिवार को मार्केट कमेटी सचिव योगेश ने मंडी गेट पर पहुंचकर गेट पास काटने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि धान की खरीद को लेकर मंडी में सभी आवश्यक प्रबंध पुख्ता किए गए हैं। किसानों, आढ़तियों और मजदूरों की सुविधा के लिए पीने के पानी, सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि फसल लेकर मंडी पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो।
मंडी में व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका मौके पर ही समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार अपनी पीआर धान को साफ और सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं। इससे फसल की खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
सचिव ने कहा कि मंडी में धान की आवक बढ़ने के साथ व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की दिक्कत न आए, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे मंडी में पहुंचने से पहले अपनी फसल को अच्छी तरह तैयार रखें।