जींद। सीमित संसाधनों और किसान परिवार से निकलकर धमतान साहिब की बेटी मुस्कान ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। ज्ञान भारती धमतान साहिब पब्लिक स्कूल की छात्रा मुस्कान ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर और गांव में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
मुस्कान धमतान साहिब गांव की रहने वाली हैं। उसके माता-पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार से होने के बावजूद अभिभावकों ने बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्राचार्य महेंद्र शर्मा को दिया है। उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान जब भी किसी विषय में परेशानी आती थी तो वह सीधे प्राचार्य महेंद्र शर्मा से चर्चा करती थी और उनकी सलाह से समस्याओं का समाधान करती थी।
बाक्स
मुस्कान ने बताया कि उसने कभी मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं किया। उसका मानना है कि मोबाइल से दूरी बनाकर रखने से पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली। वह रोजाना छह से सात घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। परीक्षा के दिनों में भी उसने बिना तनाव के योजनाबद्ध तरीके से तैयारी जारी रखी। स्कूल में उसकी वर्षभर 100 प्रतिशत उपस्थिति रही। बीमार होने पर भी उसने छुट्टी नहीं ली और लगातार पढ़ाई जारी रखी। आज तक उसका सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट नहीं है।
बाक्स
मुस्कान पहले से ही मेधावी छात्रा रही है। उसने दसवीं कक्षा में भी 487 अंक प्राप्त किए थे। अब उसका सपना आईएएस अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना है। इसके लिए उसने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। उसका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां यदि लक्ष्य तय कर मेहनत करें तो किसी भी मुकाम तक पहुंच सकती हैं। अब उसने अपने सपने को पूरा करने की शुरुआत कर दी है, यह सपना आईएएस बनकर ही पूरा होगा। इसके लिए उसका संघर्ष बाकी है।
बाक्स
यह मिले अंक
मुस्कान को अंग्रेजी में 99, पंजाबी में 99, हिंदी में 100, मैथ में 100, हिस्ट्री में 97 और फाइन आर्ट में 99 अंक प्राप्त हुए।
बाक्स
मुस्कान के पिता कृष्ण ने बताया कि बेटी बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है। परिवार ने हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं उसकी माता ने कहा कि मुस्कान ने कभी समय बर्बाद नहीं किया और हमेशा अनुशासन में रहकर पढ़ाई की।
बाक्स
स्कूल प्राचार्य महेंद्र शर्मा ने कहा कि मुस्कान शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्रा रही है। उसकी सफलता से पूरे स्कूल परिवार को गर्व है। उन्होंने कहा कि मुस्कान की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।