जींद। उचाना कलां में हुए लड़ाई-झगड़े में गोली मारने के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान उचाना कलां निवासी रोहित के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने पहले सोमबीर उर्फ काडू, सचिन उर्फ सुक्खा, सागर कुमार, अरुण उर्फ कर्ण व सोनू खान को गिरफ्तार किया था।
चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक चंद्रपाल ने बताया कि एक नवंबर को थाना उचाना में सूचना प्राप्त हुई कि उचाना कलां निवासी साहिल उर्फ गोल्डी को गोली लगने के कारण नागरिक अस्पताल उचाना में भर्ती करवाया गया है। उस समय साहिल के भाई सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अक्तूबर को उसका भाई दीपावली का त्योहार मनाने के लिए उनके गांव की चौपाल में अपने दोस्तों के साथ गया हुआ था। रात लगभग सवा 12 बजे उनका भाई साहिल अपने घर आने लगा तो चौपाल के पास सचिन उर्फ सूखा, सोमबीर उर्फ काडू, रोहित, सागर, कर्ण उर्फ कान्नु व अन्य ने मिलकर उसे लाठी-डंडों से पीटा। जब उनका भाई भागने लगा तो रोहित, सागर व करण ने उसे पकड़ लिया। सचिन उर्फ सुक्खा ने पिस्तौल निकालकर सिर में गोली मार दी। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को छठे आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।