जींद। छह दिनों पहले रोहतक रोड पर गोलियां मारकर ठेकेदार की हत्या करने के आरोपियों पकड़ने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एएसपी कुलदीप इसका नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा मुख्य आरोपी धर्मेंद्र व बलजीत पर दो-दो लाख और अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
छह दिनों से हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने काफी मशक्कत की, लेकिन मामले में कामयाबी नहीं मिली। इसके चलते पुलिस की तीन टीमें लगातार काम कर रही थी। अब आईपीएस कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी में डीएसपी सिटी, सीआईए स्टॉफ, साइबर सेल, शहर थाना प्रभारी की टीमों को शामिल किया गया है। एएसपी नरवाना कुलदीप सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी धर्मेंद्र व बलजीत निवासी पोकरी खेड़ी पर दो-दो लाख रुपये इनाम घोषित किया गया है। इसमें शामिल अन्य आरोपियों पर पचास पचास हजार रुपये का इनाम की घोषणा की गई है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
इन नंबरों पर दी जा सकती है आरोपियों की जानकारी
एएसपी कुलदीप ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति इन अपराधियों के बारे में जानकारी देना चाहता है तो वह इस संबंध में एएसपी नरवाना के मोबाइल नंबर 8814011503, डीएसपी शहर जींद धर्मबीर सिंह को 8814011554, सीआईए स्टाफ इंचार्ज अनूप सिंह को 8814011510, थाना प्रभारी दिनेश कुमार को 8814011511 नंबर पर आरोपियों के बारे में सूचना दे सकते हैं।