अलेवा। डाहौला निवासी एक युवक से तीन लोगों ने विदेश भेजने के नाम पर चार लाख 13 हजार रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने इस मामले में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी को दी शिकायत में डाहौला निवासी प्रवीण ने बताया कि कैथल जिले के गांव ढांड निवासी महाबीर, सोनू व दिल्ली निवासी समीर सिद्दीकी ने उसको 2020 में विदेश भेजने की बात कही। तीनों ने मिलकर उससे चार लाख 13 हजार रुपये ले लिए। इसमें उसको रूस भेजकर वहां पर काम दिलाने की बात हुई थी, लेकिन आरोपियों ने उसे दुबई भेज दिया। किसी तरह वह दुबई से वापस आया और आरोपियों से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने समीर सिद्दीकी के साथ उसे रूस भेज दिया। सिद्दीकी उसे एयरपोर्ट पर छोड़कर फरार हो गया। वह किसी तरह से वहां से वापस आया। इसके बाद उसने आरोपियों की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।