24जेएनडी24: गांव पहुंचने पर कुश्ती में गोल्ड विजेता शुभम ढिल्लों का स्वागत करते हुए ग्रामीण। स्
जींद। उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर गांव डाहौला लौटे पहलवान शुभम ढिल्लों का रविवार को ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
ग्रामीणों ने खुली गाड़ी में जुलूस निकालकर पहलवान का अभिनंदन किया। इसमें बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी और ग्रामीण शामिल हुए। समारोह के दौरान खिलाड़ियों और युवाओं ने शुभम के साथ फोटो खिंचवाकर खुशी जाहिर की।
21 वर्षीय शुभम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। शुभम के पिता जसबीर ढिल्लों कैथल में गुप्तचर इकाई में एसआई के पद पर कार्यरत हैं। शुभम पिछले कई वर्षों से पंजाब के अखाड़ा राईयेवाल में रहकर कुश्ती की तैयारी कर रहा था।
समारोह में ग्रामीणों ने कहा कि शुभम ढिल्लों की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उसकी सफलता से गांव के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। ग्राम पंचायत सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और सुविधाएं देने की है।
शुभम ढिल्लों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और ग्रामीणों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। आने वाले समय में उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है।