जींद। रोहतक रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर निर्माता कंपनी के अधिकारी ने पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी कर कंपनियों के लोगो लगे नकली इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बरामद किए हैं। शहर थाना पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपी राइट एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को सूचना मिली थी कि रोहतक रोड स्थित शिव इलेक्ट्रिक दुकान पर नकली माल तैयार कर ब्रांडों के लोगो लगाकर बाजार में बेचे जा रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने कंपनियों के फील्ड ऑफिसर चंडीगढ़ निवासी प्रवीण के साथ दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान ब्रांडेड कंपनियों के लोगो लगी नकली 68 प्रेस, 168 छत वाले पंखे, 56 ग्राइंडर मिक्सर, 48 तारों के बंडल पाए गए, जिन्हें छापामार टीम ने कब्जे में ले लिया। दुकान संचालक की पहचान रोहतक रोड निवासी राजपाल के रूप में हुई। जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने कंपनी के फील्ड ऑफिसर प्रवीण की शिकायत पर राजपाल के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपी राइट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।