जींद। शहर की ऐतिहासिक पहचान रानी तालाब को कश्मीर की डल झील की तर्ज पर विकसित करने की मांग उठी है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा से यह मांग की है।
गोयल ने रानी तालाब में शिकारा नाव और हाउस बोट की सुविधा शुरू करवाने का सुझाव दिया। उनका कहना है कि तालाब को केवल सुंदरीकरण तक सीमित न रखा जाए। इसे पूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इससे जींद के साथ-साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी पर्यटक यहां पहुंचेंगे। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से विशेषज्ञों की टीम बनाने को कहा। यह टीम विस्तृत पर्यटन विकास योजना तैयार कर उसे चरणबद्ध तरीके से लागू करे।
तालाब के आसपास खूबसूरत वॉकिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था, फूड कोर्ट और पार्किंग बनाने की मांग की गई। बेहतर लाइटिंग और सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाने चाहिए। फोटोग्राफी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइट एंड साउंड शो और नौका विहार जैसी गतिविधियां शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रानी तालाब अपनी खूबसूरती के कारण पुराने समय से ही पर्यटकों और फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करता रहा है। वर्ष 1970 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म पवित्र पापी के कुछ दृश्यों और गीतों की शूटिंग रानी तालाब में की गई थी।