अग्रिपथ योजना के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाते एसएफआई के सदस्य।
- फोटो : Jind
जींद। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जींद इकाई ने अग्निपथ योजना के विरोध में महाविद्यालय के गेट पर हस्ताक्षर अभियान अध्यक्ष मधु की अध्यक्षता में चलाया।
इस दौरान कॉलेज अध्यक्ष मधु ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत केंद्र सरकार युवाओं को सेना में केवल चार साल ही सेवा के लिए लेगी और उसके बाद उनको सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है तभी से युवाओं के लिए पक्के रोजगार के अवसर घटते दिखाई दे रहे हैं। सरकार लगातार सरकारी विभागों को निजी हाथों में बेच रही है। इससे युवाओं को पक्का रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इसका नतीजा हम देख सकते हैं कि आजादी के बाद सबसे ज्यादा बेरोजगारी भाजपा के शासनकाल में देखने को मिली है। इसमें हरियाणा पहले स्थान पर है। सरकार द्वारा लगभग सभी सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में सौंपने के बाद युवाओं के लिए सेना देश की सेवा करने के साथ-साथ पक्के रोजगार का एक मात्र विकल्प रह गया था। इसे अग्निपथ योजना के तहत निजी हाथों में बेचने की तैयारी कर ली गई है। इस योजना से देश के अंदर बेरोजगारी बढ़ेगी और इसके साथ देश की संप्रभुता को भी खतरा पैदा हो सकता है। एसएफआई इस अग्निपथ योजना का पूरी तरीके से विरोध करता है। इसके विरोध में 29 जून को छात्र-युवा महापंचायत लिजवाना गांव में आयोजित होगी। जिसमें इस आंदोलन की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी।