जींद। जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में वीरवार को आयुष्मान के तहत सर्जिकल सप्ताह के पहले दिन वीरवार को सात ऑपरेशन हुए जबकि अन्य ऑपरेशन के लिए भी चिकित्सक ओटी में तैयार रहे।
केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना के तहत अब निजी अस्पतालों की अपेक्षा सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन करवाए जाएंगे। अस्पताल में पांच ऑपरेशन थिएटर तैयार किए गए हैं। पहले दिन ऑपरेशन के लिए फिटनेस पूरी होने पर सात लोगों का सर्जिकल के लिए चयन हुआ।
वहीं अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों का रोस्टर तैयार कर दिया है। आयुष्मान सप्ताह के तहत पहले दिन जनरल सर्जरी के ऑपरेशन नागरिक अस्पताल जींद में हुए। एक ऑपरेशन गायक नोलॉजीके तहत हुआ। नरवाना अस्पताल, सफीदों, उचाना, जुलाना, अलेवा में कोई ऑपरेशन नहीं हुआ।
शिविर में यह होंगे ऑपरेशन
नागरिक अस्पताल में 11 फरवरी तक दूरबीन से पित्त की थैली, घुटना या कूल्हा बदलना, आंखों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन, बच्चेदानी के सभी ऑपरेशन, हार्निया, अपेंडिक्स, टॉसिल का ऑपरेशन, कान के पर्दे का ऑपरेशन, गला व जीभ की गांठ का ऑपरेशन, अंडकोष में पानी भरना के ऑपरेशन किए जाएंगे। अलग-अलग मरीजों के लिए अलग-अलग ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं।
जांच के तुरंत बाद होंगे ऑपरेशन
पांच से 11 फरवरी तक मरीजों की जांच के तुरंत बाद ऑपरेशन किए जाएंगे। वीरवार को सूची बद्ध रोगियों के ऑपरेशन किए गए हैं।
-डॉ. रवि राणा, नोडल अधिकारी, नागरिक अस्पताल जींद