फोटो 16जेएनडी01-पुलिस गिरफ्त में हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने चमेला कॉलोनी से पंजाब के सात नशा तस्करों को सात ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से सात ग्राम हेरोइन, पांच लाइटर, चार सिल्वर पन्नी, चिट्टा पीने के उपकरण और 50 रुपये का नोट बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की (गली नंबर-2, मानसा), संजय (गली नंबर-4, वीर नगर, मानसा), जसप्रीत उर्फ आकाश (गली नंबर-2, मानसा), सुल्तान उर्फ करमू (लल्लूआना रोड, मानसा), राजदीप सिंह उर्फ राजू (गली नंबर-2, मानसा), जितेंद्र सिंह उर्फ उस्ताद (गली नंबर-2, मानसा) और सागर (वार्ड नंबर-9, मानसा, पंजाब) के रूप में हुई है।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह की टीम सोमवार शाम को नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उनकी टीम चमेला कॉलोनी से गोशाला की तरफ होते हुए कच्चे रास्ते बाईपास की तरफ जा रहे थे। तभी रेलवे लाइन के नजदीक झाड़ियों में कुछ संदिग्ध युवक बैठे दिखाई दिए। सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए सात युवकों को पकड़ लिया। शहर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।