01जेएनडी23: ब्यूटी पार्लर के शुभारंभ पर मिठाई बांटते हुए संस्था के सदस्य। स्रोत : संस्था
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
जींद। सेवा भारती नगर इकाई जींद की ओर से सोमवार को पटियाला चौक स्थित संतोष-पवन बंसल सेवा भारती कार्यालय में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संगठन पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की में किया गया। इस पहल को समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
उद्घाटन समारोह में जिला अध्यक्ष सुशील गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ नगर अध्यक्ष प्रमोद कुमार, नगर सचिव बलजिंदर सिंगला, महिला प्रकल्प प्रमुख सोनिया शर्मा, डॉ. प्रियंका और प्रकल्प प्रभारी मंगत राम भी उपस्थित रहे।
सुशील गुप्ता ने कहा कि सेवा भारती लंबे समय से समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि पटियाला चौक केंद्र पर पहले से ही फिजियोथेरेपी सेंटर, पुस्तकालय और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं जहां नाममात्र शुल्क पर स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अब ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से युवतियों को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
सेवा भारती के प्रेस प्रवक्ता अशोक खरब ने जानकारी दी कि संस्था की ओर से जिले के भिवानी रोड गोशाला परिसर में भी फिजियोथेरेपी सेंटर, संस्कारशाला और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे सम्मानपूर्वक आजीविका चला सकें।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में अहम भूमिका निभाते हैं। सेवा भारती भविष्य में भी समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए इसी तरह के जनहितकारी प्रकल्प संचालित करती रहेगी।