15जेएनडी21: धरने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान। स्रोत किसान
जुलाना। कस्बे की नई अनाजमंडी में धरने पर बैठे किसानों ने लागू किए गए नए नियमों के विरोध में बुधवार को अर्धनग्न प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नियमों को वापस लेने की मांग की।
किसान नेता नरेश ढांडा ने कहा कि सरकार लगातार किसानों और आढ़तियों पर नए-नए नियम थोप रही है जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल बेचने की प्रक्रिया को पहले ही आसान बनाने की जरूरत थी लेकिन इसके उलट सरकार ने बायोमीट्रिक सत्यापन और ट्रैक्टर नंबर प्लेट के साथ फोटो जैसी शर्तें लागू कर दी हैं जिससे किसानों का समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि बायोमीट्रिक सिस्टम अक्सर ठीक से काम नहीं करता जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। वहीं ट्रैक्टर के साथ फोटो खिंचवाने की प्रक्रिया भी कई बार तकनीकी कारणों से पूरी नहीं हो पाती, जिसके चलते फसल की बिक्री में देरी हो रही है। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र ढांडा, नरेंद्र लाठर, जयपाल, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद