कालवा की एक महिला को फेसबुक पर सस्ता एसी खरीदना महंगा पड़ गया। महिला ने फेसबुक के एक पेज पर सस्ते एसी खरीदने का विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन के पेज पर एसी बेचने वाले का मोबाइल नंबर भी था। दिए गए नंबर पर महिला ने फोन कर बात की तो 12 हजार रुपये में एसी बेचने की बात तय हो गई। दोनों की सहमति के बाद एसी बेचने वाले ने युवक के खाते में महिला ने कई बार में 22 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद युवक का नंबर बंद आने लगा। पुलिस ने इस मामले में युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालवा गांव निवासी ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने कई दिन पहले फेसबुक आईडी पर एक एड देखी थी। विज्ञापन के साथ दिए गए नंबर पर बात की तो युवक ने फोन उठाया और खुद को अंबाला कैंट निवासी इंडियन आर्मी से होने की बात कही। ज्योति ने कहा कि वह एसी खरीदने की इच्छा जाहिर की तो युवक मनजीत ने उसे एक अच्छी कंपनी की एसी दिलवाने की बात कही। इसके बाद युवक ने 22 जून को उसे फोन कर 10570 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा। उसने गूगल पे के माध्यम से रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन युवक का फिर फोन आया कि 5150 रुपये और जमा करवा दो, वह जींद आ चुका है। उसका पार्सल भी पहुंच चुका है। ज्योति ने बताया कि उसने रुपये जमा कर दिए। थोड़ी देर बाद फिर फोन आया और 5150 रुपये और जमा करने के लिए कहा तो उसने फिर से रुपये जमा कर दिए। शाम को उक्त युवक ने दोबारा फोन कर कहा कि अब तो लेट हो गया है सुबह पार्सल घर पहुंच जाएगा। अगले दिन जब उसने फोन किया तो युवक ने कहा कि आपने पैसे लेट जमा किए, इसलिए तुम्हें एसी नहीं मिलेगा। इसके बाद उक्त युवक ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। एएसआई राममेहर सिंह ने बताया कि युवक को नामजद कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।