मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
जींद। सफीदों के एसडीएम ने शुक्रवार से शुरू हो रही धान की खरीद की तैयारियों का जायजा लिया। इसके लिए सफीदों व पिल्लूखेड़ा अनाज मंडियों का उन्होंने दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ मार्केट कमेटी के सचिव जगजीत सिंह कादियान व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसडीएम डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने इस दौरान अनाज मंडियों में किसान विश्राम गृह, बिजली, पानी, शौचालय, पेयजल व धर्मकांटों की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई का कार्य लगातार चलता रहे। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से धान खरीद का कार्य भी शुरू हो जाएगा। समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर लेनी चाहिए।
सफीदों में लिया सफाई व्यवस्था का जायजा
इस दौरान एसडीएम ने सफीदों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ सफीदों पालिका सचिव ललित गोयल व सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। एसडीएम ने नगर के रेलवे, हाट, जींद, रामपुरा रोड, पुराना बस स्टैंड चौक सहित कुल 20 जगहों पर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सही करवाने के निर्देश दिए।