धरने पर बैठे अनुसूचित जाति के लोग। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
जींद। एक महीने से धरने पर बैठे अनुसूचित जाति के परिवार बुधवार को भिवानी में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से न्याय की गुहार लगाएंगे। धरना संचालक दिनेश खापड़ ने बताया कि इसके लिए आधिकारिक रूप से उन्हें समय मिल गया है। दरअसल बुधवार को भिवानी जिले के सुई गांव में एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति आएंगे।
दिनेश ने बताया कि गांव खापड़, छात्तर व खरक गादिया के अनुसूचित जाति के पीड़ित परिवार करीब एक महीने से धरने पर बैठे हैं। कुछ प्रभावशाली लोगों ने कानून को ताक पर रखकर खापड़ व छात्तर गांवों में उनका सामाजिक बहिष्कार किया है। खापड़ गांव में 20 परिवारों का और छात्तर में 150 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किया गया है। पुलिस ने गांव खापड़ व छात्तर में सामाजिक बहिष्कार करने वालों व खरक गादियां गांव में युवक को जिंदा जलाने का प्रयास करने वालों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। इसके चलते खापड़ के पांच अनुसूचित जाति के परिवार 74 दिनों से गांव से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि उचाना विधानसभा क्षेत्र से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला विधायक हैं। ऐसे में अधिकारी कुछ लोगों के राजनीतिक प्रभाव के चलते कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। अब हम बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से न्याय की गुहार लगाएंगे।