जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल व स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से दालमवाला में जींद ब्लॉक के 30 गांवों के पीआरआई सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस दौरान ग्राम पंचायत शाहपुर, ईंटल कलां, लोहचब, रामराये, बराह कलां, बराह खुर्द, कर्मगढ़, रधाना व सिवाहा के सरपंचों ने पेयजल से संबंधित समस्याओं को कार्यकारी अभियंता के सामने रखा।
खंड समन्वयक दिनेश मलिक, कुशल शर्मा और सोमलता सैनी ने सरपंच, पंच, पंचायत सचिव और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पेयजल जांच का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ऑनलाइन पेयजल बिल भरने की विधियो के बारे में बताया। कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने की, जबकि मंच संचालन खंड समन्वयक दिनेश मलिक, कुशल शर्मा और सोमलता सैनी ने किया।
कार्यकारी अभियंता ने कहा कि जींद जिले में विभाग की ओर से कनाल बेस और ट्यूबवेल से गांवों में पेयजल की सप्लाई की जा रही है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए समय-समय पर पेयजल की जांच कराई जाती है। उन्होंने प्रतिभागियों से फील्ड में आ रही समस्याओं, ग्रामीणों ने की पेयजल को लेकर की जा रही मांगों, शिकायतों और प्रशिक्षण शिविर के विषय में फीडबैक लिया। सरपंचों को आश्वासन दिया कि गांव में पेयजल की कोई समस्या नहीं रहेगी। जहां पेयजल के लिए जलघर की आवश्यकता होगी, वहां पंचायत की ओर से जमीन उपलब्ध कराने पर जलघर का निर्माण कराया जाएगा। उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह ने कहा कि जल्द ही विभाग की ओर से पेयजल से संबंधित स्कीम पंचायतों को हस्तांतरित कर पंचायत की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।