13जेएनडी31-हैबतपुर गांव में आयोजित बैठक में भाग लेते हुए सरपंच एसोसिएशन के सदस्य। संवाद
जींद। सरपंच एसोसिएशन की बैठक गांव हैबतपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता एसोसिएशन प्रधान रणबीर सिंह समैण ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 22 जून को सरपंच एसोसिएशन ने उचाना में सर्व समाज महापंचायत बुलाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक को पर प्रतिबंध लगाकर अच्छा कदम उठाया है। इसी प्रकार उसे हिंदू मैरिज एक्ट में भी संशोधन करते हुए एक गांव में शादी और सहमति संबंध पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन्हीं मामलों को लेकर 22 जून को उचाना में सर्व समाज की महापंचायत बुलाई गई है। इस महापंचायत में हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ वकीलों को भी बुलाया गया है ताकि वह कानून के नजरिए से इस बारे में विचार किया जा सके।
हैबतपुर गांव के सरपंच ऋषिपाल ने कहा कि सरपंच का काम केवल गांव को देखना नहीं है बल्कि समाज के सुधार की दिशा में भी काम करना उसका दायित्व है। एक ही गांव में शादी होने से बड़ी समस्या पैदा हो रही है। सहमति संबंध कानून के चलते बहुत हत्याकांड हो रहे हैं। ऐसे में कानून में बदलाव किया जाना बहुत जरूरी है। इस मौके पर कंडेला सरपंच अनूप सिंह, बीबीपुर सरपंच सुखबीर और पिंडारा सरपंच कुलदीप भी मौजूद रहे।