जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा कुमारी सरिती ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय गतका प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। यह प्रतियोगिता यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा, राजस्थान में 22 से 24 अप्रैल तक आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें टीम इवेंट के साथ-साथ व्यक्तिगत इवेंट भी आयोजित किए गए। कुमारी सरिती ने गतका स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर विजेता खिलाड़ी को बधाई दी। कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ी का स्वागत किया जाएगा और उन्हें 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी विजेता खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।