जींद। वन विभाग के मजदूरों का रविवार को पिछले पांच माह से बकाया वेतन जारी करवाने की मांग को लेकर डीएफओ कार्यालय पर 27वें दिन भी रेंज प्रधान बलदेव कंडेला की अध्यक्षता में धरना जारी रहा। धरने पर रेंज प्रधान बलदेव कंडेला ने कहा कि डीएफओ सरकार के इशारे पर लगातार उनकी मांगों को अनदेखा कर रहे हैं। पिछले पांच महीनों से वन मजदूरों को वेतन नहीं मिल रहा है। वेतन डलवाने के लिए काम छोडक़र धरने पर मजबूर होकर बैठना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब से बीजेपी सरकार केंद्र व प्रदेश में आई है, तब से गरीब मजदूरों, किसानों व मेहनतकश आवाम के खिलाफ जंग ही छेड़ रखी है। उन्होंने मांग उठाई कि पांच महीनों से बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। सभी वन मजदूरों के हाजिरी कार्ड व पहचान पत्र जारी किए जाए। वरिष्ठता सूची बनाकर कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। 2018 से लेकर अब तक सभी मजदूरों का एरियर दिया जाए। हटाए गए सभी मजदूरों को काम पर लगाया जाए। कार्य कुशलता के आधार पर कैटेगरी का लाभ दिया जाए। दुर्घटना बीमा जारी किया जाए। सभी मजदूरों को वर्दी भत्ता, औजार इत्यादि दिया जाए।