फोटो 22जेएनडी05-डीडीपीओ संदीप भारद्वाज को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी। स्रोत कर्मचा
जींद। जिलेभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को लंबित मांगों को लेकर शहर में प्रदर्शन किया। कर्मचारी मार्च निकालते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डीडीपीओ संदीप भारद्वाज को पंचायत मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले नेहरू पार्क में कर्मचारियों ने सभा आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान गुलाब बिरौली और उचाना ब्लॉक प्रधान साहब सिंह ने की। मंच संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया।
कर्मचारियों ने बताया कि 15 मई से शुरू हुए आंदोलन और नरवाना से कुरुक्षेत्र तक निकाली गई पदयात्रा के बाद 29 मई को पानीपत में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और विभागीय अधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी। बैठक में 18 मांगों में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी और 30 जून तक आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था।
कर्मचारियों का आरोप है कि अभी तक केवल एक मांग पर आदेश जारी हुआ है, जबकि 16 मांगें लंबित हैं। उन्होंने सरकार से जल्द समझौते को लागू करने की मांग की। सीटू जिला सचिव संदीप जाजवान और उपाध्यक्ष कपूर सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से गांवों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 10 अगस्त को प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा और सितंबर में विधानसभा सत्र के दौरान पंचकूला कूच किया जाएगा।