फोटो 5 नरवाना। जनसमस्या सुनते कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। स्रोत प्रशासन।
नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हो सके।
रविवार को नरवाना स्थित अपने आवास पर जनसमस्याएं सुनते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बेदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल भवनों का निर्माण, ई-डिजिटल पुस्तकालयों की स्थापना, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वाटर वर्क्स का सुधार और नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। खेत-खलिहान योजना के तहत प्रत्येक गांव में 25 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर तक खेतों के रास्ते पक्के किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नरवाना नागरिक अस्पताल को 100 बेड क्षमता तक विकसित करने और नए भवन के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, गांव दनौदा में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिन गांवों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विभागीय मानकों को पूरा कर रहे हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केएम कॉलेज में पांच करोड़ रुपये की लागत से नए पुस्तकालय भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा महिला थाना, नया बस स्टैंड, रेस्ट हाउस की अतिरिक्त इमारत और रेलवे फाटकों पर आरओबी जैसी कई विकास परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नरवाना शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा।