सर संघ चालक मोहन भागवत प्रांत में संघ से जुड़े प्रमुख लोगों की बैठक लेंगे। इस बैठक में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा उसके क्या प्रभाव रहे, इसका फीडबैक लेंगे। स्कूल के आसपास तथा स्कूल में लगभग 500 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सर संघ चालक मोहन भागवत शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जींद पहुंच गए। वह सड़क मार्ग से दिल्ली की तरफ से आए और रोहतक रोड होते हुए गोपाल स्कूल में प्रवेश किया। यहां पर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। मोहन भागवत को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान है, इसलिए उनके आगमन पर सड़क पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। मोहन भागवत 14 जनवरी तक जींद के गोपाल स्कूल में प्रवास करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा सुरक्षा एजेंसियों ने संभाल लिया है। खुद पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार भी गोपाल स्कूल में पहुंचे हुए थे। केवल चुने हुए लोगों को ही गोपाल स्कूल में प्रवेश दिया जा रहा है।
स्कूल पहुंचने के बाद मोहन भागवत ने यहां खाना खाया और आराम किया। दोपहर बाद मोहन भागवत ने एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जो गोपाल स्कूल में संघ कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई जा रही है। इसके बाद वह प्रांत में संघ से जुड़े प्रमुख लोगों की बैठक लेंगे। इस बैठक में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा उसके क्या प्रभाव रहे, इसका फीडबैक लेंगे। स्कूल के आसपास तथा स्कूल में लगभग 500 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो डीएसपी हर समय स्कूल में मौजूद रहेंगे।