जींद। साइबर ठगों ने बड़ौदा निवासी भारतीय सेना के जवान सोमबीर के बैंक खाते से 4.95 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।
एफआईआर में सोमबीर ने बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में कुपवाड़ा में तैनात है। 23 जुलाई को उनके मोबाइल फोन पर बैंक खाते से 92 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही खाते से 4 लाख 3 हजार रुपये और निकाले जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। इस तरह उसके बैंक खाते से कुल 4 लाख 95 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई।
सोमबीर के अनुसार, उसने न तो किसी व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते से संबंधित ओटीपी साझा किया था और न ही मोबाइल पर आए किसी लिंक पर क्लिक किया था।
थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर खाते से राशि निकालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।