जींद। ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे जंक्शन के नए भवन में आरक्षित खिड़की शुरू हो गई है। यह खिड़की अब सुबह से लेकर शाम तक खुली रहेगी। इससे पहले यह खिड़की सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक खुली रहती थी, लेकिन अब यह खिड़की 2 शिफ्टों में खुलेगी। सुबह 8 से दोपहर 2 और उसके बाद दो से शाम 8 बजे तक समय रहेगा। इससे जहां यात्रियों को आरक्षित टिकट करवाने में फायदा होगा वहीं रेलवे को भी अच्छी आमदनी होगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे की नई बिल्डिंग का नवीनीकरण चल रहा है। हालांकि यह कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रेलवे ने नए भवन में टिकट बुकिंग का कार्य शुरू कर दिया है। इसमें स्टेशन मास्टर, रेलवे यातायात निरीक्षक, पूछताछ केंद्र समेत अन्य कार्यालयों को भी शिफ्ट किया जा रहा है। नए भवन में रेलवे ने भी यात्रियों को एक बेहतर सुविधा दे दी है। यात्रियों को अब टिकट बुक के लिए बाजार नहीं जाना पड़ेगा। अब वह अवकाश के दिन छोड़ किसी भी दिन टिकट बुक करवा सकते हैं। हालांकि इससे पहले 8 से 2 बजे तक समय होने के चलते लोगों को 8 बजे से पहले ही आना पड़ता था, क्योंकि भीड़ होने के चलते टिकट बुकिंग नहीं हो पाती थी।
पहले दिन हुई 110 टिकट बुक
नए भवन में आरक्षित टिकट खिड़की के सुबह 8 से शाम 8 बजे तक खोलने का रेलवे को भी काफी फायदा हुआ है। इससे रेलवे की आमदनी में इजाफा हुआ है। पहले दिन एक शिफ्ट में 30 टिकट बुक हुई तो दूसरी शिफ्ट तक कुल 110 टिकट बुक हो पाई। हालांकि इससे पहले लगभग 60-70 टिकट ही बुक हो जाती थी। पहले खिड़की खुलने का कम समय होने के चलते लोगों को बाहर से या फिर मोबाइल फोन से ही करवानी पड़ती थी। वहीं लोगों को टिकट बुक करवाने में परेशानी भी होती थी, क्योंकि रेलवे की खिड़की पर सर्वर सही से काम करता है। वहीं मोबाइल फोन या साइबर कैफे से टिकट बुक करवाते हैं तो वहां साइट का लिंक टूट जाता है, जिससे टिकट बुक नहीं हो पाती।
रोजाना 2.50 लाख से ऊपर होती है रेलवे की आमदनी
रेलवे जंक्शन से रोजाना 6-7 हजार यात्री सफर करते हैं। इससे रेलवे को रोजाना 2.50 लाख से ऊपर की आमदनी होती है। जींद जंक्शन से दिल्ली, सोनीपत, पानीपत, रेवाड़ी, बठिंडा और हिसार की टे्रन चलती है। यहां से लंबे रूट की करीब 20 ट्रेन चलती है। इसके कारण जींद के लोग ट्रेनों में ज्यादा सफर करते हैं। प्रतिदिन एक लाख रुपये तक आरक्षित खिड़की पर टिकट बुक हो जाती है, जिससे रेलवे के राजस्व में इजाफा होता है।
रेलवे जंक्शन के नए भवन में टिकट बुकिंग कार्यालय शुरू हो गया है। यहां पर अब दो शिफ्टों में टिकट बुकिंग होगी। पहली शिफ्ट सुबह 8 से 2 बजे तक और 2 से शाम 8 बजे तक आरक्षित खिड़की खुली रहेगी। अब टिकट बुकिंग करवाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
-सुनील कटारिया, वाणिज्य अधीक्षक, जींद