23जेएनडी02-पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने की शपथ लेते हुए विद्यार्थी। स्रोत संस्था
- फोटो : बिजली कर्मी
जींद। विद्यार्थियों को पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित करने के कड़ी में राह ग्रुप फाउंडेशन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के 726 से अधिक सरकारी और निजी स्कूलों के 80 हजार विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई। इसमें नरवाना ब्लॉक की सर्वाधिक भागेदारी रही। नरवाना में 102 स्कूलों के 26 हजार 617 विद्यार्थियों को शपथ दिलवाई गई।
राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सुभाष वर्मा, राह क्लब नरवाना के अध्यक्ष डॉ. प्रवीन नैन, उपाध्यक्ष डॉ. अमित सैन, उपाध्यक्ष रानी कौशिक और राजेश टांक ने बताया कि पॉलिथीन के कारण नालियां और नाले जाम हो जाते हैं। इसके अलावा प्लास्टिक के गिलास में चाय या फिर दूध का सेवन करने से धीरे-धीरे इसका केमिकल लोगों के पेट में चला जाता है। इससे डायरिया के साथ अन्य बीमारियां भी होती है।
पॉलिथीन के नष्ट नहीं होने के कारण यह भूमि की उर्वरा क्षमता को खत्म कर रहा है और भूजल स्तर को घटा रहा है। इसका प्रयोग सांस और त्वचा संबंधी रोगों के साथ ही कैंसर का खतरा भी बढ़ रहा है। पॉलिथीन को जलाने से निकलने वाला धुआं ओजोन परत को नुकसान पहुंचा रहा है जो ग्लोबल वार्मिंग का बड़ा कारण है। इसके अलावा अगर पॉलिथीन को कोई पशु खा लेता है तो धीरे-धीरे वह मृत्यु की तरफ अग्रसर हो जाता है।
जागरूकता अभियान के तहत ड्राइंग प्रतियोगिता, जागरूकता रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन के कारण पर्यावरण प्रदूषण, बंजर होती उपजाऊ जमीन व दूसरे प्रकार की गंभीर समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में पॉलिथीन के खतरे से अपने क्षेत्र को बचाने का प्रयास करना चाहिए।