जींद। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इसके तहत अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है। पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि योजना के दूसरे चरण के लिए प्रदेशभर में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र महिलाएं डिजिटल और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकती हैं। डिजिटल माध्यम से आवेदन करने के लिए महिलाएं अपने स्मार्टफोन पर लाडो लक्ष्मी योजना का एप डाउनलोड कर घर बैठे पंजीकरण कर सकती हैं।
इससे उन्हें आवेदन के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
डीसी ने बताया कि जो महिलाएं ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकतीं, वे अपने नजदीकी समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर पंजीकरण करवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।