जिला परिषद चेयरपर्सन की गाड़ी, जिसमें उनके पति कार्यक्रम में पहुंचे।
- फोटो : jind
लालबत्ती वाली गाड़ी की खुमारी नेताओं के सिर चढ़कर बोल रही है। जिला परिषद की चेयरपर्सन पदमा सिंगला की गैर मौजूदगी में उनके पति चेयरपर्सन की लालबत्ती वाली सरकारी गाड़ी का प्रयोग करते हैं। अलेवा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के गए पदमा सिंगल के पति विनोद सिंगला के होर्डिंग में भी उन्हें ही जिला परिषद का चेयरमैन दिखाया गया। गौरतलब है कि विनोद सिंगला केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के नजदीकियों में हैं और उनकी पत्नी की जिला पार्षद के तौर पर हुई विजय के समय से ही उन्हें चेयरपर्सन माना जा रहा था।
बुधवार को अलेवा के गुरुकुल एकेडमी में खेल समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व जिला परिषद की चेयरपर्सन के पति विनोद सिंगला और एसएसपी शंशाक आनंद ने शिरकत की। चेयरपर्सन के नाम का होर्डिंग व लाल बत्ती लगी गाड़ी का प्रयोग उनके पति द्वारा करना चर्चा का विषय बना रहा। हैरानी की बात है कि जिस समय विनोद सिंगला चेयरपर्सन की लाल बत्ती वाली गाड़ी से कार्यक्रम में आए, खुद एसएसपी शशांक आनंद भी यहां मौजूद थे।
कानून का उल्लंघन
लाल बत्ती लगी गाड़ी को बगैर अलाट के कोई प्रयोग कर रहा है तो बिलकुल गलत है। कानून सबके लिए बराबर है।
-योगेश मेहता, आरटीए सचिव, जींद
पार्टी करेगी बात
यदि चेयरपर्सन गाड़ी में नहीं हैं तो उनकी गाड़ी का प्रयोग करना और विशेषकर लालबत्ती का प्रयोग करना बिलकुल गलत है। इससे पार्टी की छवि भी खराब होती है। इसको लेकर विनोद सिंगला से बात की जाएगी।
-अमरपाल राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा
कार्यक्रम में चेयरपर्सन को ही जाना था, लेकिन उन्हें अचानक जरूरी काम होने के कारण मुझे जाना पड़ा। मैं उनके प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचा था। आगे से इसका ध्यान रखा जाएगा।
-विनोद सिंगला, भाजपा नेता