सफीदों। आफताबगढ़ गांव में नाबालिग का अपहरण करने सहित कई मामलों में आरोपी महिला को पकड़ने आई राजस्थान पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस को प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के चिकसाना थाना में दर्ज नाबालिग के अपहरण, चोरी और उत्पीड़न के मामले में आरोपी महिला द्रोपा की तलाश के लिए एएसआई बृजपाल के नेतृत्व में नौ सदस्यीय राजस्थान पुलिस टीम मंगलवार को आफताबगढ़ आई थी। टीम सतबीर के घर पहुंच और मकान की तलाशी लेने का प्रयास किया लेकिन परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद सतबीर छत पर चढ़ गया।
आरोप है कि उसके परिजनों और अन्य लोगों ने राजस्थान पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए गांव के सरपंच कुलदीप को मौके पर बुलाया लेकिन इसके बावजूद सतबीर के मकान की तलाशी नहीं लेने दी गई।
सूचना मिलने पर सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और सतबीर को थाने ले गई। पूछताछ में सतबीर ने बताया कि महिला द्रोपा पिल्लूखेड़ा में रहती है। राजस्थान पुलिस सतबीर को साथ लेकर पिल्लूखेड़ा पहुंच लेकिन वहां भी आरोपी महिला नहीं मिली। संवाद