जुलाना। फतेहगढ़ गांव के प्राइमरी स्कूल में बरसाती पानी भर गया है। इससे छात्राओं और अध्यापकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन स्थानीय प्रशासन का इस समस्या की ओर कोई भी ध्यान नहीं जा रहा है।
जुलाना क्षेत्र में दो दिनों से लगातार बरसात हो रही है। शुक्रवार को दिन में 41 एमएम और रात को 45 एमएम बादिश दर्ज की गई। जिससे जुलाना के बाजार में नपा के सफाई और जलनिकासी के दावे खोखले साबित होते नजर आए। एक ओर तो बाजार की सड़के पानी से लबालब हैं तो दूसरी और स्कूलों में पानी भर गया है। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभाग को दी, लेकिन कोई भी समाधान नहीं हो पाया। फतेहगढ़ गांव के राजकीय कन्या स्कूल में दो से तीन फीट तक बरसाती पानी भर गया है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल से पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं है। प्रशासन के रवैये को लेकर ग्रामीणों में रोष है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी जुलाना शिवनारायण शर्मा का कहना है कि स्कूल का लेवल काफी नीचा है और दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बरसात रुकते ही मौके पर जेई को भेज कर मुआयना किया जाएगा। अगर ज्यादा समस्या है तो समाधान किया जाएगा।