जिले पर सोमवार को अल सुबह से ही मेघराज मेहरबान रहे। तड़के शुरू हुई बूंदाबांदी का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। बारिश के कारण जहां शहर के लोग सड़के लबालब होने से परेशान रहे, वहीं किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। इससे कपास व धान की फसलों को काफी लाभ मिलेगा। वहीं, पारा गिरने से लोगों ने भी गर्मी से राहत की सांस ली।
पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया। हल्की सी बारिश ने ही शहर की सूरत बिगाड़ दी। सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण शहर की प्रमुख सड़कों और पॉश कॉलोनियों में भी बरसात का पानी जमा हो गया। शहर की निचली बस्तियों के अलावा शहर की पॉश कॉलोनी अर्बन एस्टेट, डिफैंस कॉलोनी की सड़कें भी पानी से भरी नजर आई। इससे कॉलोनीवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
फसलों के लिए वरदान
जिले में इस वर्ष 65 हजार हैक्येटर में कपास और एक लाख 15 हजार हैक्टेयर में धान की फसल है। इस समय कपास की फसल पर फल लगना शुरू हो चुके है। इसके चलते कपास की फसल को भी इस समय बारिश की जरूरत है। वहीं धान की फसल भी पानी की फसल है और इस समय धान की फसल को पानी की अधिक जरूरत है। सोमवार अल सुबह हुई बारिश धान व कपास की फसलों के लिए वरदान साबित होगी और इससे किसानों को
फायदा होगा।
नरवाना में सर्वाधिक व सफीदों में सबसे कम वर्षा
सोमवार को पूरे जिले में बारिश हुई। इस दौरान नरवाना में सबसे ज्यादा 29 एमएम बारिश हुई तो सफीदों में सबसे कम 4 एमएम बारिश हुई।
ब्लॉक का नाम बारिश एमएम में
नरवाना 29
उचाना 27
जुलाना 22
जींद 17
पिल्लूखेड़ा 12
सफीदों 4
जिले में सोमवार को जो बरसात हुई है, वह किसानों के लिए काफी राहत लेकर आई है। इस समय कपास व धान की फसलों को पानी की काफी जरूरत थी। बरसात ने फसल की यह कमी पूरी कर दी है। बरसात के कारण फसलों को काफी लाभ होगा और पैदावार में बढ़ौतरी होगी।
डॉ. कमल सैनी, कृषि विकास अधिकारी, जींद।
बारिश आने के साथ एक बार सडक़ों पर जलभराव हो जाता है, लेकिन बारिश के पानी की निकासी के लिए व्यवस्था है। इसके अनुसार ही शहर के पानी की निकासी की जाती है। शाम तक पूरे शहर के पानी की निकासी हो गई है।
जगदेव मोर, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग
बारिश से नरवाना के विश्राम गृह की गिरी दीवार
नरवाना में रविवार रात से हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनकर बरसी। बारिश में हरियल चौक पर स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह की दीवार गिर गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और एक मोटरसाइकिल दीवार के नीचे दब गई। इससे कार व मोटरसाइकिल मालिक को भारी नुकसान हो गया।
दूसरी ओर दिल्ली-पटियाला हाइवेे पर खंभे में करंट आने से एक घोड़े की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घोड़े के मालिक सोहनपाल ने बताया कि घोड़ा घास चरते हुए सड़क की तरफ आ गया। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण खंभे में करंट आया हुआ था जिसकी चपेट में घोड़ा आ गया। इससे घोड़े की मौत हो गई।