जींद। रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कनिष्ठ अभियंता भेज दी। इस मामले को सिरसा लोकसभा क्षेत्र सांसद कुमारी सैलजा ने गंभीरता से लिया।
इस पर उन्होंने डीसी जींद को अधिकारी का नोटिस निकालने और उनके खिलाफ लिखकर रेलवे को भेजने के निर्देश दिए। वह शुक्रवार को डीआरडीए हाॅल में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
सांसद सैलजा ने कहा कि बैठक में तीन-तीन सांसद आए हुए हैं और इसको लेकर अधिकारी गंभीर नहीं है। आइंदा आगे ऐसा नहीं होना चाहिए। बैठक में हिसार सांसद जयप्रकाश और सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी भी शामिल हुए। इस दौरान मामलों में लेटलतीफी करने को लेकर तीनों सांसदों ने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
सबसे पहले उचाना और बड़ौदा के बीच रेललाइन पर फुटओवर ब्रिज का एजेंडा रखा गया। इस पर जब रेलवे अधिकारी से जवाब मांगा गया था तो कनिष्ठ अभियंता पूनम शर्मा पहुंची। इस पर कुमारी सैलजा ने पूछा कि आप कौन से अधिकारी हैं तो पूजा शर्मा ने कहा कि वह कनिष्ठ अभियंता हैं।
इस पर सांसद सैलजा भड़क गईं और कहा कि आपके अधिकारी क्यों नहीं आए। इस पर उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी का एक्सीडेंट हो गया था। इसलिए नहीं आ पाया। इसके बाद सांसद ने डीसी को अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा। वहीं, प्रशासन द्वारा बनवाए गए एजेंडे में कुमारी सैलजा नाम के आगे राज्यसभा सांसद लिखा हुआ था।
सांसद ब्रह्मचारी ने पांडू-पिंडारा गांव में बिजली किल्लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हर 15 मिनट में बिजली जा रही है। इस गांव को मेरा गांव जगमग योजना में क्यों नहीं डाल देते। हॉल में बैठे आम लोगों ने बिजली कर्मचारियों द्वारा फोन पर बदतमीजी से पेश आने के भी आरोप लगाए।
इसके अलावा पांडू-पिंडारा में नहरी पानी पहुंचाने बारे भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस पर सांसद सैलजा ने डीसी से पूछ लिया कि आपने उनके नाम के आगे राज्यसभा क्यों लिखवाया है। इस पर पूरा हॉल हंसने लगा। इस अवसर पर एसपी कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, सीईओ जिप अनिल दून, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, जगदीश चंद्र, होशियार सिंह, पुलकित मल्होत्रा, डीएमसी सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
पांडू-पिंडारा तीर्थ में छह महीने में हो चुकी डूबने से मौत
सोनीपत सांसद ने पांडू-पिंडारा तीर्थ में डूबने से लगातार हो रही मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महीने में एक दिन मेला लगता है। उस दिन स्नान करते समय कोई न कोई डूब जाता है। प्रशासन के पास एक भी गोताखोर नहीं है। कम से कम तीन-चार तो जिले में गोताखोर होने चाहिए। वहीं, उन्होंने पेयजल सप्लाई के लिए उखाड़ी गई गलियों को लेकर भी जन स्वास्थ्य विभाग एक्सईएन को फटकारा। उन्होंने कहा कि एक साल से गलियां उखड़ी पड़ी हैं। इस पर एक्सईएन ने कहा कि काम चल रहा है, बस थोड़ा सा ही बचा हुआ है। इस पर सांसद ने जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से कुरुक्षेत्र बोर्ड से पांडू-पिंडारा तीर्थ के लिए 1.10 करोड़ रुपये का बजट आया हुआ है, लेकिन अभी तक एक भी विकास कार्य शुरू नहीं हो पाया।
जींद-सोनीपत हाईवे पर चढ़ने के लिए भिड़ताना के पास एकमात्र रास्ता
सांसद ब्रह्मचारी ने कहा कि जींद-सोनीपत नेशनल हाईवे पर भिड़ताना के पास ही चढ़ने के लिए रास्ता बनाया है। अब किसी को हाईवे पर चढ़ना है तो 10 किमी दूर घूमकर आएगा क्या। गोहाना और जींद के बीच मात्र दो जगह ही चढ़ने की जगह दी है। वहीं, कुमारी सैलजा ने नेशनल हाईवे अथाॅरिटी के कर्मचारियों को भी कहा कि फ्लाईओवर के साइड में ड्रेन तो बना देते हो, लेकिन पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती। इससे पानी सर्विस लेन पर भर रहा है। इस पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि रोड सेफ्टी की बैठक में भी नहीं आते हो। आपके खिलाफ कार्रवाई करवानी पड़ेगी।
समूह महिलाओं को तो न बनाओ राजनीति का शिकार : सांसद जयप्रकाश
आजिविका मिशन के तहत समूह में महिलाओं को रोजगार दिलाने के लिए आंकड़ा बताया जा रहा था। उस पर प्रधानमंत्री की फोटो लगी हुई थी। इस पर सांसद जयप्रकाश ने जिला कार्यक्रम अधिकारी सन्नी को नजदीक बुलाया और कहा कि समूह में काम करने वाली महिलाओं को तो राजनीति का शिकार मत बनाओ।
04जेएनडी26-डीआरडीए हाल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करती सांसद कुमारी सैलजा। संवाद