पिल्लूखेड़ा। कॉमरेड विनोद मिश्रा के 25वें स्मृति दिवस पर भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (माले) पिल्लूखेड़ा के आह्वान पर सोमवार को मांगों को लेकर बीडीपीओ कार्यालय पर धरना दिया गया। अध्यक्षता विनोद धड़ौली ने की। धरने को संबोधित करते हुए राज्य इंचार्ज प्रेम सिंह गहलावत ने कहा कि गरीब आदमी के लिए संविधान के द्वारा दिए गए अधिकारों को भाजपा सरकार खत्म कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब लोगों के आवास आज तक नहीं बनवाए गए हैं, जिनको 10 वर्ष तक का समय निकल गया है।
15 वर्ष पहले काटे गए 100 गज के प्लाॅट पर आजतक मालिकाना हक नहीं दिया गया है। अध्यक्षता कर रहे विनोद धड़ौली ने कहा कि ढाठरथ गांव में मनरेगा मजदूरों को बीडीओ कार्यालय पिल्लूखेड़ा द्वारा काम ही नहीं दिया जा रहा। गांव में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अलेवा स्थानांतरण कर दिया, स्थांतरण होने की वजह से ग्रामीणों में रोष है, गरीब लोगों की बस्तियों में आजतक पीने के पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। कुल मिलाकर भाजपा सरकार गरीब लोगों को जीवन जीने के अधिकार से वंचित कर रही हैं। बाद में मांगों से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार लोकेश कुमार को सौंपा गया। इस अवसर पर प्रेम सिंह सिंहमार, अजयवीर सिंधु, राजा, धोली, रानी, पालाराम मौजूद रहे।