नरवाना। बेलरखा गांव में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गांवों का चहुंमुखी विकास और योग्य युवाओं के रोजगार में राज्य सरकार पर मुख्य फोकस है। इस दिशा में सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। वर्तमान में गांवों के विकास को शहरों की तर्ज पर नई गति मिल रही है।
ग्रामीण आंचल में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सड़क का निर्माण और विस्तारीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधि से आमजन को काफी उम्मीदें होती हैं और उन पर खरा उतरना जन प्रतिनिधि का दायित्व भी होना चाहिए। प्रदेश सरकार सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में की जा रही तरक्की से नरवाना अछूता नहीं रहेगा। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी मंगलवार को बेलरखा के अलावा सैंथली और दनौदा में दादा रामसर तीर्थ गोशाला में हुए कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। सैंथली में आयोजित कार्यक्रम में भगवान परशुराम की पूजा कर आशीर्वाद भी लिया। इसके बाद कार्यक्रम में बेदी ने कहा कि पंचायत की ओर से कैबिनेट मंत्री के समक्ष 55 मांगों की मंजूरी के लिए आवेदन रखा। विभागीय औपचारिकता और तकनीकी नॉर्म्स को पूरा करने वाले कार्यों को करवा दिया जाएगा। उन्होंने खेल स्टेडियम के निर्माण, सामुदायिक केंद्र निर्माण, द्वितीय पीएचसी भवन, अस्पताल की चारदीवारी, तालाब सुंदरीकरण, हर्बल पार्क निर्माण सहित गांव की कई गलियों का निर्माण करवाने के लिए कहा। इस मौके पर हंसराज समैण, मनदीप चहल, राजेश शर्मा एडवोकेट, विनय मित्तल, तेजपाल, अमित ढाकल, विशाल मिर्धा और दिनेश गोयल भी मौजूद रहे।