संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। छोटू राम किसान महाविद्यालय में 17 मार्च को 50वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें लड़कियों के वर्ग में प्रियंका बीए द्वितीय वर्ष ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं लड़कों के वर्ग में सचिन ने शानदार खेल दिखाते हुए बेस्ट प्लेयर का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन पर महाविद्यालय की प्रशासक एवं सिटी मजिस्ट्रेट कुमारी मोनिका रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्राचार्य डॉ. जगबीर सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ आत्मा का निवास होता है।
सीटीएम कुमारी मोनिका रानी ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। केवल कठोर परिश्रम और ईमानदारी से ही लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कभी भी नशे को स्थान न दें। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशा मुक्ति की शपथ भी ली।
शारीरिक शिक्षा विभाग के इंचार्ज डॉ. राजपाल सिंह ढांडा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, जैवलिन थ्रो और थ्री-लेग रेस जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. संदीप बूरा द्वारा किया गया। इस दौरान डॉ. राजीव सिंधु, डॉ. सतिंदर कुंडू, प्रो. सुशीला, डॉ. अजमेर सिंह, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. अंजू लाठर, डॉ. संजय ख़र्ब, प्रो. विनोद गिल, डॉ. रविंदर, डॉ. सतकुमार और स्टाफ मौजूद रहा।