27जेएनडी09: समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते डीसी मोहम्मद इमरान रजा। स्रोत प्रशासन
जींद। लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन हुआ। डीसी मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में कुल 16 जन शिकायतें प्राप्त हुईं।
डीसी ने अधिकारियों को कहा कि सभी ग्रीवेंस पोर्टलों पर लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के राज्य समन्वयक डॉ. सतीश खोला ने पीपीपी से संबंधित शिकायतों को सुना।
डीसी ने बताया कि डॉ. खोला की नियुक्ति से अब जिला स्तर पर न सुलझने वाले पीपीपी मामलों का राज्य स्तर पर त्वरित समाधान संभव हो सकेगा, जिससे कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
शिविर के दौरान गांव खुंगा कोठी निवासी रोशनी देवी ने पति की जमीन अपने नाम करवाने, गांव आसन निवासी प्रदीप ने तालाब से जलकुंभी हटाने और गांव दबलैन निवासी सत्यनारायण ने वृद्धावस्था पेंशन की रिकवरी में राहत देने की गुहार लगाई। वहीं, गांव मुआना के संजीव कुमार ने खेत में एलटी कनेक्शन जोड़ने में हो रही देरी की समस्या रखी।
डीसी ने संबंधित विभागों को इन सभी मामलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान मान सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।