जींद। जुलाना क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ में महिला की हत्या कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव के ही शिवकुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है। डिटेक्टिव स्टाफ और थाना जुलाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे जींद क्षेत्र से काबू किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है।
फतेहगढ़ गांव में यह वारदात 16 नवंबर को हुई थी। गांव निवासी ऋषिराम की पत्नी सुमन घर पर अकेली थी। इसी दौरान परिजनों को सूचना मिली कि वह घर में बेहोशी की हालत में पड़ी है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बाद में घर की तलाशी लेने पर करीब 8 लाख 70 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद मृतका के पति ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में हत्या और लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिटेक्टिव स्टाफ और थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
इसी दौरान पुलिस को शिवकुमार के जींद क्षेत्र में होने की सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अब उससे लूटी गई नकदी और जेवरात की बरामदगी के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।