संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। लघु सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि मंडियों में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व सुचारु रहे। इस सीजन में जिले की मंडियों में बंफर फसल की आवक होने की संभावना है।
सरकार की ओर से गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि खरीद एजेंसियां हैफेड, खाद्य आपूर्ति विभाग, एफसीआई और हरियाणा वेयर हाउस तय मापदंडों के अनुसार ही समय पर फसल की खरीद और उठान सुनिश्चित करें।
डीसी ने कहा कि मंडियों में पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और छाया की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा, नमी मापने वाले उपकरणों और बारदाने की उपलब्धता पहले ही सुनिश्चित की जाए।
मंडियों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया।
ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। डीसी ने किसानों से अपील की कि वे मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवाएं।
बैठक में एसडीएम सत्यवान सिंह मान, डीएफएससी राजेश कुमार आर्य सहित अन्य उपमंडलों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।