भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने रॉबर्ट वाड्रा को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान को सही ठहराते हुए कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी घोटाले में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चाहे वह रॉबर्ट वाड्रा हो या और अन्य प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो। उन्होंने कहा कि ढींगरा आयोग की जांच जारी है। ऐसे मामलों की जांच में समय लगता है, लेकिन जांच पूरी होने पर जो भी दोषी होगा उसे सजा जरूर मिलेगी।
प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला वीरवार देर शाम को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बराला ने कहा कि कांग्रेस के पिछले दस साल में हुई भ्रष्टाचार की जांच शुरू होने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिह हुड्डा बौखलाए हुए हैं। भ्रष्टाचार के मामले की जांच में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता शामिल हैं।
माना खुफियातंत्र की नाकामी
प्रदेशाध्यक्ष ने पानीपत व करनाल में कांग्रेसियों द्वारा उद्घाटन किए जाने को खुफिया तंत्र की नाकामी मनाते हुए कहा कि इसमें जवाबदेही तय की जाएगी और जिसकी भी इस मामले में लापरवाही मिलेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विकास परियोजनाओं के उद्घाटन को औच्छी राजनीति करार देते हुए कहा कि ऐसी हरकतें कांग्रेस की अभिमानी सोच को दर्शाती हैं।
बीरेंद्र सिंह के भेदभाव के आरोप सही
बराला ने केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायतीराज मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जींद जिला के विकास को लेकर लगाए आरोपों को भी सही बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए हुड्डा ने जींद जिला के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
इसकी वजह से यह जिला विकास के मामले में अन्य जिलों से पिछड़ गया है। उन्हाेंने कहा कि जींद जिला के विकास में अब कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. ओपी पहल, संजीव बुआना, संदीप, अर्पण बंसल, पूनीत जागलान, जयदीप दुग्गल, आशीष गर्ग, रोहित शर्मा मौजूद रहे।