प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी राघवेंद्र ने बुधवार को जींद की नई अनाज मंडी में जाकर धान की खरीद और बिक्री का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों एवं आढ़तियों से सीधी बातचीत की।
उन्होंने पूछा कि अगर उन्हें कोई समस्या है तो बताएं, हर समस्या का समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अनाज मंडी में पड़ी धान की ढेरियों का जायजा लिया और धान की नमी एवं गुणवत्ता को जांचा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किसानों से रूबरू होते हुए कहा कि उन्हें धान बिक्री में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आढ़तियों एवं अन्य खरीद एजेंसियों से कहा कि वो जितनी मात्रा में धान की खरीदारी करें उसका उठान भी साथ-साथ करवाते रहें ताकि किसानों को मंडियों में अपनी फसल उतारने में कोई दिक्कत नहीं हो।
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे हमेशा अपनी फसलों को सुखाकर ही मंडी में लाएं ताकि उनकी फसल की बिक्री तुरंत हो सके। उन्होंने कहा कि अधिक पैदावार के लिए अतिरिक्त खाद एवं दवाइयों का प्रयोग फसलों में न करें। ऐसा करने से फसल की गुणवत्ता में गिरावट आती है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने नई अनाज मंडी का दौरा करने के उपरांत मार्केटिंग कमेटी के अधिकारियों एवं आढ़तियों की बैठक ली। बैठक में आढ़तियों ने बताया कि मंडियों में धान की खरीद का कार्य सही तरीके से चल रहा है। किसानों को यहां कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जा चुके है।
आढ़तियों ने अतिरिक्त मुख्य सचिव से मंडी की सर्विस रोड को दोबारा बनाने की मांग की चूंकि इन रोडों पर पानी भरने से रोड खराब हो रहे हैं। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सर्विस रोडों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़क को तुरंत ठीक करना सुनिश्चित करें।
मंडी में जो भी नया निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए उस निर्माण कार्य के लिए एक कमेटी का गठन करें जिसमें आम लोगों को भी शामिल करें ताकि निर्माण कार्य को पूरी पारदर्शिता बरतते हुए पूरा करवाया जा सके। सरकारी विकास परियोजनाओं के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर उनके साथ जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।