जींद। शहर के सफीदों रोड स्थित एक लक्जरी डे स्पा सेंटर में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर छह महिलाओं और छह पुरुषों समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम सफीदों रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के कुछ होटलों और स्पा सेंटरों में कथित रूप से देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। इसके बाद अधिकृत स्पेशल पुलिस ऑफिसर और डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की योजना बनाई।
पुलिस ने कार्रवाई से पहले अपने एक कर्मचारी को फर्जी ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर में भेजा। वहां मौजूद लोगों से संपर्क करने के बाद पुलिस को देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की पुष्टि होने का संकेत मिला। इसके बाद फर्जी ग्राहक के इशारे पर पुलिस टीम ने सेंटर पर दबिश दी और मौके से 12 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान रवि वर्मा, आशीष, मुनीत, विनोद और सुनील शामिल हैं। वहीं महिलाओं में गुड़िया, खुशी, रिंकी, प्रिया, मेघा और नेहा शामिल है। स्पा सेंटर के मालिक मोनू और मैनेजर समेत अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
वर्जन
मामले में छह महिलाओं समेत 12 लोगों को कथित देह व्यापार के आरोप में पकड़ा गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
-मनीष कुमार, प्रभारी, सिविल लाइन थाना, जींद