जींद। पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस कर्मचारी एसोसिएशन की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान प्रेम सिंह बांगड़ ने की। बैठक का संचालन मियां सिंह ने किया। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन ने सरकार से नौ मांगों को जल्द लागू करने की अपील की।
कर्मचारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों को वर्दी भत्ता और अन्य भत्ते महंगाई के अनुपात में दिए जाएं। पेंशनरों की 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर पांच, दस और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि की जाए। इसके अलावा सभी बीमारियों में कैशलेस इलाज की सुविधा देने और मेडिकल भत्ता एक हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की मांग रखी गई। एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आठ घंटे निर्धारित करने और सभी कर्मचारियों को वाहन सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की।
बैठक में कहा गया कि पुलिस विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए स्थायी भर्ती की जाए और पहले से चल रही भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। विभाग में रिक्त पदों के अनुसार योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर समय पर पदोन्नति देने तथा कर्मचारियों के हित में न्यायालयों की ओर से दिए गए फैसलों को समय पर लागू करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में धर्मबीर राठी, रणबीर सिंह, प्रताप सिंह, रामकरण हुड्डा, रणधीर सिंह, सुल्तान सिंह, रामकुमार, रामचंद्र, सतबीर सिंह बांगड़, पंजाब सिंह ढिल्लों, संतोष देवी, प्रेम कुमारी, इंद्र सिंह, राजकुमार, बालकिशन, हरिराम, हरिओम, रघबीर मोर, रविंद्र कुमार धनखड़ और अंग्रेज सिंह मौजूद रहे।