04जेएनडी02-बच्चे को उसके पिता को सौंपते हुए चौकी इंचार्ज अजय कुमार। स्रोत पुलिस
जींद। ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना जुलाना के अंतर्गत आने वाली मंडी चौकी पुलिस ने ढाई साल के बच्चे को ढूंढकर उसे परिजनों को सौंप दिया।
सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार इंचार्ज चौकी मंडी जुलाना ने बताया कि गांव ब्राह्मणवास निवासी फूलकुमार पेशे से प्लंबर हैं। उनका ढाई वर्षीय बेटा रक्षित संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सोशल मीडिया पर बच्चे के संबंध में सूचना प्रसारित की गई।
मंडी चौकी जुलाना इंचार्ज ने अपनी टीम के साथ कन्या गुरुकुल जुलाना के पास से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने यह सूचना बच्चे के पिता फूलकुमार को दी तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रक्षित को उसके पिता को सौंप दिया।